राजनांदगांव,25 फरवरी (आरएनएस)। होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए यातायात पुलिस ने शहर में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और आउटर क्षेत्रों में चेकिंग प्वाइंट बनाकर ब्रेथ एनालाइजऱ मशीन से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक शराब का सेवन पाए जाने पर चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए चालकों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां न्यूनतम 10,000 रुपये या उससे अधिक का जुर्माना लगाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक ऐसे 46 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलते समय अपने परिवार के बारे में सोचें और शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। पुलिस का कहना है कि नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित होता है, जिससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है ताकि होली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आनंदमय माहौल में संपन्न हो सके।इ

