*पीलखाना में खुलेआम प्रमोटर की गोली मारकर हत्या*
लोगों का गुस्सा फूटा, सड़क जाम की, मतदान के बहिष्कार की धमकी दी
हावड़ा 25 Feb (Rns)। विधानसभा चुनाव से पूर्व हावड़ा के गोलाबाड़ी थाना के पीलखाना इलाका में तब लोगों के बीच गुस्सा फूट पड़ा जब एक कथित प्रमोटर की ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी गई। उक्त घटना से लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उक्त मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे। पुलिस व स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक का नाम शफीक खान (27) है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना आज भोर तड़के करीब 4:10 बजे की है। घटना पीलखाना इलाके में सेकंड बाय लेन में एक चाय की दुकान के पास घटी। प्रमोटर कहे जाने वाले शफीक खान को दो लोगों हारून और रोहित नाम के दो बदमाशों ने कथित तौर पर उसे पॉइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी। हत्या की उक्त वारदात का दृश्य इलाके के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घायल शफीक खान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि शफीक खान को बहुत करीब से गोली मारी गई थी, जिससे कथित तौर पर उनके सिर और सीने में गोली के घाव लगे और वे मौके पर ही गिर पड़े। इलाके के सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को गोली चलाते और उसके बाद भागते हुए दिखाया गया है। ये दृश्य महत्वपूर्ण सबूत के रूप में सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से हत्या के पीछे लंबे समय से चली आ रही व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि खान को धमकियां मिल रही थीं और आरोपी ने घटना से पहले उनसे बड़ी रकम की मांग की थी। उक्त घटना के घंटों बाद भी मामले में पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। घटना की जांच शुरू हो गई है। हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि दोषियों को तुरंत अरेस्ट किया जाए और सख्त सजा दी जाए। स्थानीय लोग आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय लोगों ने चुनाव के बॉयकॉट की भी धमकी दी है।
इधर गोलीबारी की खबर मिलने पर इलाके के पूर्व पार्षद मो. रुस्तम मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव सामने हैं। इससे पहले बदमाश हथियारों के बव पर आतंक पैदा कर रहे थैं। पुलिस मूक बनी हुई है। इस घटना के बारे में पुलिस कमिश्नर आकाश मघारिया ने कहा कि शुरू में पता चला कि पैसे को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद भी इलाके में तनाव बना हुआ है। गुस्साई भीड़ ने आरोपी की बाइक में आग लगा दी और और तोड़फोड़ की और सड़क जाम किया। भाजपा नेता उमेश राय का दावा है कि हारुन हावड़ा के वार्ड नंबर 16 का तृणमूल यूथ लीडर है। वह नॉर्थ हावड़ा के विधायक गौतम चौधरी का ‘करीबी’ है। आरोप है कि, मामले का दूसरा आरोपी रोहित हथियारों का डीलर है। वह जेल याफ्ता था। वहीं भाजपा का यह भी आरोप है कि मारे गए शफीक भी बेदाग नहीं है। हावड़ा के डीसी (नॉर्थ) अमला कुसुम घोष ने कहा कि इस इलाके में असामाजिक तत्वों के गतिविधियों के खिलाफ नियमित तौर पर कार्रवाई होती रहती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

