नई दिल्ली ,26 फरवरी (आरएनएस)। राजस्थान के नागौर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गोटन कस्बे के एक निजी स्कूल में 9 साल की छात्रा की कथित हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है।
यह हादसा गोटन स्थित गोटन इंटरनेशनल स्कूल में हुआ। स्कूल प्रशासन के अनुसार, तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या कक्षा पांचवीं की छात्रा थी। वह रोज की तरह स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना सभा शुरू होने से पहले कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे, जिनमें दिव्या भी शामिल थी। स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला के मुताबिक, खेलते-खेलते दिव्या अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बिना देर किए छात्रा को गोटन के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका
चिकित्सकों ने बताया कि छात्रा के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं थे। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की भी चार महीने पहले इसी तरह अचानक मौत हुई थी। 9 सितंबर 2025 को वह घर पर खेलते समय बेहोश हो गया था और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया था। एक ही परिवार में कम समय में दो बच्चों की अचानक मौत से इलाके में शोक की लहर है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कम उम्र में हृदय संबंधी घटनाओं के मामलों को गंभीरता से लेकर चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है, ताकि संभावित कारणों की पहचान की जा सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

