सीहोर 26 फरवरी (आरएनएस)। खेत में खड़ी सूखे गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। कुल दस मिनट के अंदर पूरी फसल जलकर राख के ढेर में बदल गई। फसल में आग लगने से किसान को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। खेत में खड़े गेहूं में आग लगते ही किसान का पूरा परिवार सदमे में आ गया। किसान परिवार की महिलाएं रोती हुई दिखाई दी।
घटना ग्राम नयापुरा नया खेड़ा के किसान नारायण सिंह मेवाडा के ढाई एकड़ के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में गुरुवार दोपहर में आग लगने की घटना घटित हुई।
फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची तो किसानों के द्वारा टैंकर से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई। आग बुझाने के लिए खेत में बखखर कर भी चलाई गई लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
भीषण आग को बुझाया जाता इससे पहले ही गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पीडि़त किसान नारायण सिंह मेवाडा ने मंडी थाना पहुंचकर आगजनी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। फिलहाल आग लगने की घटना का कारण अज्ञात बना हुआ है। घटना स्थल पर पहुंचे क्षेत्र के पटवारी राकेश सिंह ने किसान को हुए नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया।

