चंडीगढ़ 27 Feb, (Rns): शुक्रवार सुबह शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब ईमेल के जरिए कई शिक्षण संस्थानों और एक सरकारी भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरे मेल में डीपीएस स्कूल, संत कबीर स्कूल और विवेक हाई स्कूल (सेक्टर-38) के साथ-साथ पंजाब सचिवालय को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल में अगले दो दिनों के भीतर विस्फोट करने की चेतावनी भी दी गई।
सूचना मिलते ही संबंधित स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को खाली करा लिया गया। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें पहुंचीं। सुरक्षा बलों ने स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सचिवालय परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वालों की सख्त जांच की जा रही है।
मामले की जांच पुलिस की साइबर सेल कर रही है, जो ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें। गौरतलब है कि करीब एक माह पूर्व भी शहर के लगभग 30 स्कूलों को इसी प्रकार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।
लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल है। पुलिस पुराने मामलों की भी जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि इन घटनाओं के पीछे किसी एक व्यक्ति या गिरोह का हाथ तो नहीं है। प्रशासन ने साफ किया है कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

