काशीपुर,27 फरवरी (आरएनएस)। बकाया पैसों के विवाद में अपने ही साथी चालक पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा भी बरामद किया है। सीओ विभव सैनी ने शुक्रवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 25 फरवरी को ग्राम रतनपुरा निवासी गंगाराम ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अमन और सीता कॉलोनी गुलडिय़ा निवासी विशाल सागर दोनों पेशे से चालक हैं। विशाल ने अमन को प्रिंस स्टोन क्रेशर बुलाया था। यहां क्रेशर के बकाया भुगतान के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर विशाल ने बेसबॉल के डंडे से अमन के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गुरुवार देर रात उसे सुल्तानपुर पट्टी से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में सुल्तानपुर पट्टी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक कौशिक और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

