भिलाइ,28फरवरी(आरएनएस)। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार रखने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई होली पर्व के मद्देनजऱ चल रही सतत चेकिंग और निगरानी अभियान के तहत की गई।
पुलिस को 28 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-07 स्थित छत्तीसगढ़ ग्रंथालय के पास एक युवक कमर में धारदार हथियार रखकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन तत्परता दिखाते हुए टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिष बाग (22 वर्ष) निवासी रायपुर नाका चर्च के पास, दुर्ग, थाना पद्मनाभपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 25 आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध हथियार रखना दंडनीय अपराध है। होली पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
०००

