भिलाई,28 फरवरी(आरएनएस)। दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में होली पर्व को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 28 फरवरी 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पावर हाउस चौक स्थित सी-मार्ट के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों को नोटिस देकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण कुमार तिवारी (24 वर्ष) निवासी शारदा पारा, कैलाश चौक, थाना छावनी, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 13 इंच लंबाई का लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने हथियार जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 121/2025 के तहत धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज किया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
०००

