रुद्रपुर 1 मार्च (आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को नानकमत्ता में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया। सम्मेलन में जिला कार्यवाह समरपाल एवं प्रांत संयोजक, एकल अभियान ग्रामोत्थान की मधु शर्मा ने बतौर मुख्य वक्ता संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत को आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वजागरण, नागरिक कर्तव्यों के पालन और भजन-भोजन की परंपरा को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण पर विशेष जोर दिया। मधु शर्मा ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर समाज सुधार के प्रत्येक क्षेत्र में भारतीय नारियों ने पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपनी योग्यता का परिचय दिया है। वर्तमान परिदृश्य में भी महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे आकर अपनी भूमिका निभाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, जगदीश जोशी, ज्ञानेंद्र तिवारी, श्रीपाल सिंह राणा, विकास गुलाटी, भास्कर सम्मल, समुद्र गिरि जी महाराज और अयोध्या गिरी जी महाराज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

