देहरादून 1 मार्च (आरएनएस)। 11 गोरखा किरांति समिति के स्थापना दिवस पर गोरखाली नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांधा। गल्जवाड़ी स्थित पूर्व सैनिक सामुदायिक भवन में रविवार बटालियन के पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने 20वां स्थापना दिवस मनाया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर एस मेहता ने शामिल होकर बटालियन के सभी पूर्व सैनिकों को बधाई दी। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही वीर शहीद सैनिकों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बटालियन की पूर्व सैनिक समिति के अध्यक्ष मेजर पीबी गुरुंग ने बताया कि देहरादून जिले के बाहर से भी कई पूर्व सैन्य अधिकारियों ने बतौर अतिथि हिस्सा लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान युवा कलाकारों के प्रस्तुत किए गए गोरखाली नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और अतिथियों ने इसका भरपूर आनंद उठाया। इस खास मौके पर पुराने साथियों से मिल रहे पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अविस्मरणीय अनुभवों को भी एक-दूसरे के साथ साझा किया। इस मौके पर वीर नारियों और कई पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति के मीडिया प्रभारी सुरेश राई ने बताया कि इस मौके पर एक दूसरे के परिवार को होली की शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर कैप्टन सरियन थापा, राम तमांग, सूबेदार मेजर श्याम प्रकाश राई समेत कई पूर्व सैन्य अधिकारी, सैनिक और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

