०किसानों को जल्द मिलेगा सिंचाई हेतु पानी, जल संरक्षण पर दिया गया जोर
सुकमा,03 मार्च(आरएनएस)। विकासखंड सुकमा अंतर्गत ग्राम पंचायत नीलावरम में हाइड्रो बेस्ड उद्वहन (पंपिंग) योजना के तहत कृषकों को सिंचाई हेतु जल प्रदाय के संबंध में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत नीलावरम में ही सबसे पहले पोटाकेबिन का संचालन प्रारंभ हुआ था और अब यह पंचायत जल प्रबंधन की दिशा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। शासन प्रशासन के प्रयासों से ग्राम नीलावरम के समीप बहने वाली मलगेर नदी के जल का उपयोग सिंचाई, पशुपालन एवं दैनिक आवश्यकताओं के लिए किए जाने की योजना है। इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि नदी के जल का समुचित उपयोग करने से भू-जल स्तर पर दबाव कम होगा तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए जल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना की सफलता ग्रामवासियों की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी पर निर्भर करती है।
ग्राम सभा में योजना के संरक्षण और सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इसे सामूहिक संपत्ति समझकर जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और उसकी देखरेख में सहयोग दें।
इस दौरान कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग शांतनु विश्वास ने बताया कि योजना के अंतर्गत आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध हो सकेगा और खेती कार्य में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांव के सहयोग से ही योजना का स्थायी और प्रभावी संचालन संभव है।
ग्राम सभा में शासन की विभिन्न योजनाओं आवास, मनरेगा, कृषि एवं अन्य विभागीय योजनाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर, उप संचालक कृषि विभाग पी.आर. बघेल, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

