रुद्रपुर 6 मार्च (आरएनएस)। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए नशा तस्कर नदीम उर्फ नजीम को पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। एक फरवरी को नशा तस्करी की सूचना पर सुभाष कॉलोनी में कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और एएनटीएफ टीम पर पथराव मामले में आरोपी एक महीने से फरार चल रहा था। रविवार देर रात पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने उसी बाइक को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद उसे घेरकर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है थी। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि इलाज के बाद आरोपी नदीम को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

