New Delhi 06 March, (Rns) /- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शुक्रवार को टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए आठ खिलाड़ियों को नामित किया है। इस सूची में भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम भी शामिल है। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन दमदार रहा है और फाइनल तक के सफर में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ नजर आया है
सैमसन ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में मौका नहीं मिलने के बाद जब टीम में जगह बनाई तो अपने बल्ले से धमाका कर दिया। उन्होंने लगातार दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता और भारत को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सेमीफाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने रोमांचक मुकाबले में सात रन से जीत दर्ज की। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में सैमसन ने 50 गेंदों में 97 रन बनाकर टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई।
इस पुरस्कार की दौड़ में सैमसन के अलावा इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडेन मार्करम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रवींद्र, विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट और अमेरिका के गेंदबाज शैडली वान स्कालविक शामिल हैं।
अगर भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीतने में सफल रहती है, तो लगातार 2 बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन सकती है। न्यूजीलैंड दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। आखिरी बार न्यूजीलैंड ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला था जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था

