भोपाल। 6 मार्च (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमन्त खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के सी. पटेल ने शुक्रवार को भोपाल के रविन्द्र भवन में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित विषय वक्ता कार्यशाला को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कैसा होना चाहिए, यह प्रशिक्षण से तय होता है। प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की ताकत से भाजपा ने देश को अजेय बनाने का संकल्प लिया है। कांग्रेस से जुड़े महामना पं. मदन मोहन मालवीय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर रहे थे और कांग्रेस पार्टी सोमनाथ मंदिर को नकार रही थी। यह कांग्रेस की विचारधारा के अंतर्विरोध को दर्शाता है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। विचारधारा और कार्यपद्धति के बल पर भाजपा देश में सबसे आगे रहते हुए विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के लिए जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर तेजी के साथ बढ़ रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा जनसंघ के समय से लेकर आज तक जनता के साथ किए हर वादे को पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यों से भारत वर्ष 2047 तक दुनिया का नेतृत्व करने को तैयार है। भाजपा कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों का भारत बनाएंगे, जिसमें यह प्रशिक्षण वर्ग बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रशिक्षण महाअभियान मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी पटेल ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से संगठन और संगठन से राष्ट्र निर्माण का हमारा लक्ष्य है। प्रशिक्षण से समाज में संवेदनशील और पार्टी का सक्षम कार्यकर्ता तैयार होता है। जिन विषयों पर प्रशिक्षण वर्ग में विषय वक्तागण विचार रखेंगे, उन विषयों को लेकर समानांतरण सत्रों में प्रशिक्षकों ने विषय वक्तागणों को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला का संचालन संभाग प्रभारी श्री अभय प्रताप सिंह यादव ने किया एवं आभार प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक ने व्यक्त किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, संभाग प्रभारी विजय दुबे एवं प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह मंचासीन रहे। कार्यशाला में चंबल, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम, भोपाल संभाग (गुना व अशोकनगर जिले को छोड़कर) कुल 23 जिलों के 400 से अधिक विषय वक्तागण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजनैतिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्य करते हुए अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन प्रशिक्षण का लाभ अद्भुत होता है। अगर भाजपा और कांग्रेस के बीच गतिविधियों की तुलना करें तो कांग्रेस की स्थापना एक अंग्रेज के माध्यम से हुई। तब देश के बड़े-बड़े लोगों की कांग्रेस में सदस्यता थी और वे अंग्रेज अधिकारियों के सामने अपनी बात रखते थे। कांग्रेस से जुड़े महामना पं. मदन मोहन मालवीय ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर रहे थे और कांग्रेस पार्टी सोमनाथ मंदिर को नकार रही थी। कांग्रेस के अंदर विचारों और प्रशिक्षण की कमी रही, इसलिए अंतर्विरोध सामने आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कार्रवाई की तो तुर्किये किसके साथ खड़ा था, आज तुर्किये की क्या स्थिति है और वह किसका साथ दे रहा है सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता और एकात्म मानववाद की बात करने वाले कार्यकर्ता हैं। हमारे लिए देश और सीमाओं की रक्षा सर्वोपरि है। हमारे लिए सभी धर्म समान हैं, कभी किसी एक धर्म की बात नहीं करते हैं। यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी जी के नेतृत्व में हमारी पार्टी ने औपनिवेशवाद के अवशेषों को खत्म किया है। राजपथ का नाम कर्तव्य पथ और राजभवन का नाम लोकभवन किया गया। यह हमारी मूल विचारधारा है कि हमारे कार्यालय में, काम करने वालों में स्वभाषा का भाव और एकात्मता का दर्शन होना चाहिए। प्रशिक्षण के कारण ही जनसंघ में एकात्म का भाव जागृत हुआ और आज भी यह कार्यकर्ताओं के मन में है, जबकि कांग्रेस के इतने टुकड़े हुए कि उनके पास आज पहचान का संकट पैदा हो गया है।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हमारे संगठन का मूलभाव और काम करने का तरीका सदैव एक जैसा रहा है। आजादी के बाद से ही जनसंघ ने कश्मीर में लागू धारा-370 का विरोध किया था, और यह विरोध हमेशा वैचारिक दृष्टि से एक समान रहा है। यह निरंतरता पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में भी देखी गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने और अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जो देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुए। उन्होंने कहा कि आज भारत की आबादी 140 करोड़ से अधिक है, लेकिन हमारे सभी सेनाओं में कुल मिलाकर केवल 13 लाख से अधिक सैनिक हैं और पैरामिलिट्री बलों को भी जोड़ लिया जाए, तो यह संख्या करीब 40 लाख होती है। भारतीय सेना अपने प्रशिक्षण और अनुशासन के बल पर ही आज दुनिया में अजेय मानी जाती है। इसी तरह भाजपा के कार्यकर्ताओं के अनुशासन और अथक परिश्रम के कारण ही आजादी के बाद तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सरकार बनी है। हमारी पार्टी की ताकत हमारे प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं में है, जो किसी भी जिम्मेदारी को हाथ में लेते हैं और उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। यही कार्यकर्ता बाद में प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचते हैं। लोग इसे आश्चर्य से देखते हैं, लेकिन यह हमारी पार्टी की संस्कृति और कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों में नेतृत्व बड़े परिवारों के बीच बंट जाता है, लेकिन हमारे संगठन में यह परंपरा कभी नहीं रही। हमारे यहां नेतृत्व केवल कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही आता है। यही वह अंतर है जो हमारे और दूसरे दलों के प्रशिक्षण और कार्यशैली में है। मध्यप्रदेश भाजपा संगठन कार्य की दृष्टि से पूरे देश में एक आदर्श संगठन के रूप में पहचाना जाता है। हमारे प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भाजपा को निरंतर मजबूत बनाए रखते हैं, और यही कारण है कि हम हर क्षेत्र में अजेय स्थान हासिल करने में सक्षम हो रहे हैं।
हमारी कार्यपद्धति में बदलाव आवश्यक, परन्तु विचारधारा स्थायी -हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश की राजनीति में वास्तव में दो ही दल ऐसे रहे हैं जिनकी स्पष्ट विचारधारा और कार्यपद्धति रही है एक कम्युनिस्ट पार्टी और दूसरी भारतीय जनता पार्टी। कम्युनिस्ट पार्टी अपनी विचारधारा के कारण जनता से दूर होती गई और लगभग समाप्ति की ओर है। इसके अलावा अधिकांश दल विचारधारा के आधार पर नहीं बल्कि परिस्थितियों के आधार पर चलते रहे हैं। भाजपा ने हमेशा अपनी विचारधारा और संगठनात्मक पद्धति को सर्वोपरि रखा है और इसी कारण आज पार्टी पूरे देश में सबसे आगे खड़ी है। हम सत्ता के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के तौर पर जाने जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर तेजी के साथ बढ़ रहा है। जनसंघ के गठन के समय पार्टी ने संकल्प लिया था, जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और तीन तलाक पर प्रतिबंध, उन पर कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1985 में भाजपा मात्र दो सीटों पर सिमट गई थी तब भी हमने अपने विचारधारा से समझौता नहीं किया और प्रशिक्षण के बल पर आगे बढ़ते हुए आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है। उन्होंने कहा कि समय के साथ कार्यपद्धति में बदलाव आवश्यक होता है, लेकिन विचारधारा स्थायी रहती है। शुरुआती दौर में कार्यकर्ता कम थे, इसलिए सभी एक-दूसरे को व्यक्तिगत रूप से जानते थे और सीधे संवाद होता था। आज संगठन का विस्तार हुआ है, इसलिए समन्वय और संवाद के नए तरीके अपनाने की आवश्यकता है। संगठन में समन्वय, सहयोग और क्षमाशीलता की भावना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल स्वभाव सबको साथ लेकर चलने का है। आज के दौर में युवाओं की भूमिका बढ़ी है और नई तकनीक का उपयोग भी जरूरी है। हमारे महापुरुषों और नेताओं के त्याग और समर्पण के कारण ही संगठन आज इतना मजबूत हुआ है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मंडल स्तर पर आगामी 15 मार्च के बाद कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशालाएं पूरी तरह कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में अनुशासन और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हमें यह सुनिश्चित करना है कि कार्यक्रमों की शुरुआत और समापन निर्धारित समय पर हो, क्योंकि यह भाजपा की कार्यपद्धति को दर्शाता है, जो हमें अन्य दलों से अलग पहचान दिलाता है। हमारे संगठन की सफलता का राज हमारे कार्यकर्ताओं के समर्पण में है, और यही कारण है कि हम इन कार्यशालाओं व प्रशिक्षण के माध्यम से संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान केवल कार्यकर्ताओं की क्षमता को बढ़ाने के लिए नहीं है, बल्कि यह पार्टी की विचारधारा और समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त करने का एक अवसर है। हम सभी मिलकर इसे सफल बनाएंगे और भाजपा को और मजबूत करेंगे।
मोदी जी के नेतृत्व में भारत को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य – डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भारतीय जनता पार्टी को मां माना है। इस मां के बेटों-बेटियों को कैसा होना चाहिए, केसे कार्य करना चाहिए, इसका मार्गदर्शन हमें प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमें पार्टी को प्रगति के पथ पर अग्रसर करते हुए विकसित भारत के सपने को साकार करना है। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद हमारी धरोहर है। देश हमारे लिए सबसे पहले है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से अग्रसर है। भारत के पास अमेरिका, चीन, आस्ट्रेलिया व रूस जैसे देशों से बहुत कम जमीन है, बावजूद इसके प्रधानमंत्री जी की दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर भारत विश्व के विकसित राष्ट्रों की बराबरी करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2013 में भारत के प्रति व्यक्ति की आय की तुलना में वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति की आय की तुलना करेंगे तो आप पाएंगे कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में बहुत तरक्की की है। भाजपा कार्यकर्ता इस प्रशिक्षण वर्ग से बहुत सी बातें सीखेंगे और पं. दीनदयाल उपाध्याय जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों का भारत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पूरे देश में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और देश निर्माण की दिशा में कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम गरीबों को पक्का मकान, नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं, नि:शुल्क शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने पर काम कर रहे हैं। यह सब हम एक दृढ़ संकल्प के साथ कर रहे हैं, ताकि हमारा भारत न केवल आर्थिक दृष्टि से मजबूत हो, बल्कि हर नागरिक का जीवन बेहतर हो। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने थे, उस समय भारत की जीडीपी 1.85 ट्रिलियन डॉलर थी, जो अब बढ़कर 4.58 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा था कि 2029 तक भारत की जीडीपी 5 ट्रिलियन डॉलर और 2035 तक 10 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचेगी। उनका लक्ष्य है कि 2047 में जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा, तो हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में नंबर एक बनेगी।
प्रशिक्षण पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति आगे बढ़ाने के लिए है
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की विचारधारा और कार्य पद्धति को आगे बढ़ाने के लिए है। यह एक सतत प्रक्रिया है। बूथ कार्यकर्ता पार्टी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि यदि बूथ जीतता है, तो पार्टी चुनाव जीतती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने जिलों में प्रशिक्षण लें और वहां की जनहितैषी योजनाओं के लाभार्थियों के आंकड़े और जानकारी पूरी तरह से रखें। कार्यकर्ताओं को यह जानना चाहिए कि हमारे जिले को भी सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है, जिससे कार्यकर्ता गर्व महसूस करेगा और उसकी मेहनत को सही दिशा मिलेगी। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को लगातार प्रशिक्षण और सशक्तिकरण के अवसर प्रदान कर रही है, ताकि वे पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें। प्रधानमंत्री जी हमेशा कहते हैं कि भाजपा एक संगठन आधारित राजनीतिक दल है, जो पूरी तरह से कार्यकर्ता आधारित है। भाजपा का कार्यकर्ता विचारधारा से प्रेरित है। हमें खुद को और तैयार करने की आवश्यकता है, ताकि हम हर स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को ऑलराउंडर बनाना है। हमें भाजपा के संविधान और देश के संविधान के साथ साथ केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री जी जब बोलते हैं, तो पूरा विश्व उन्हें सुनता है। उसी प्रकार हमें भी इस प्रशिक्षण के माध्यम से हर स्तर पर प्रगति के पथ पर अग्रसर होना है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत और विकसित भारत बनाएंगे।
प्रशिक्षण से समाज में संवेदनशील और पार्टी का सक्षम कार्यकर्ता तैयार होता है -के.सी. पटेल
प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी के.सी पटेल ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण के सिद्धांत को साकार करना है, जिसकी वैचारिक प्रेरणा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानव दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद से प्राप्त होती है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्वबोध को जागृत करने का कार्य किया जाता है, क्योंकि प्रशिक्षण से समाज में संवेदनशील और पार्टी का सक्षम कार्यकर्ता तैयार होता है। इसके साथ ही वर्तमान समय की चुनौतियों, घटनाओं एवं बदलते नैरिटिव-विमर्श के प्रति कार्यकर्ताओं में जागरूकता, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा संगठनात्मक कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी मिले इसलिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। प्रशिक्षण अभियान के माध्यम से मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक सक्षम एवं योग्य कार्यकर्ताओं की ऐसी सशक्त श्रृंखला तैयार होती है, जो संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि हमारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचना चाहिए, ताकि लोगों को उसका 100 प्रतिशत लाभ मिल सके। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में बूथ के कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी भूमिका होती है, क्योंकि बूथ पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सब जानकारी रहती है। हमें लाभार्थियों को केंद्र-राज्य की योजनाओं का लाभ मिले, इसका प्रयास करना है। आने वाले समय में मंडल और जिला स्तर की कार्यशालाओं में हमारी पार्टी की विचारधारा और पंच निष्ठाओं की विस्तृत जानकारी के साथ-साथ सरकारों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए काम करना है।

