धमतरी, 06 मार्च (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं एवं महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 8 मार्च 2026 को जिला स्तरीय एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रात: 10 बजे से बाबू पंढरी राय क्रीड़ादत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब धमतरी में किया जाएगा। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला धमतरी द्वारा जिले की 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं एवं महिला खिलाडिय़ों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की गई है। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं में खेल भावना विकसित करना तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोडऩा है। प्रतियोगिता में कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस, कराते, रस्साकसी और योगा सहित कुल आठ खेलों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी प्रभारी सहायक खेल अधिकारी जे.पी. देव से मोबाइल नंबर 9301007368 पर संपर्क कर सकते हैं।
०

