रामानुजगंज, 06 मार्च (आरएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणामों में बिपुल गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 103वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और परिचितों सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। बिपुल गुप्ता ने अपनी स्कूली शिक्षा डीपीएस उक्कुनगरम, विशाखापट्टनम से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आईआईटी मद्रास से वर्ष 2022 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। सिविल सेवा परीक्षा में यह उनका तीसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इससे पहले भी बिपुल गुप्ता ने सिविल सेवा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। पिछले वर्ष उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 368वीं रैंक तथा भारतीय वन सेवा (आईएफएस) परीक्षा में 12वीं रैंक प्राप्त की थी। पढ़ाई के साथ-साथ बिपुल गुप्ता ने खेलों और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है। वे ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट धारक हैं तथा आंध्र प्रदेश राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी जीत चुके हैं। बिपुल गुप्ता के पिता पवन कुमार गुप्ता आरआईएनएल में डीजीएम पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता दीपा गुप्ता जानी-मानी कवयित्री हैं। उनकी माता नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी तथा नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी रहे स्वर्गीय मदन प्रसाद गुप्ता की पुत्री हैं। बिपुल की इस उपलब्धि से पूरे रामानुजगंज क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
०

