नई दिल्ली ,07 मार्च । आम लोगों और कारोबारियों को एक और महंगाई का झटका लगा है। शनिवार, 7 मार्च से घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ाए गए हैं। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। वहीं चेन्नई में यह 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
कामर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा
कामर्शियल इस्तेमाल के लिए आने वाले 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी भारी बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली: 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये
मुंबई: 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये
कोलकाता: 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये
चेन्नई: 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये
गौरतलब है कि अप्रैल 2025 के बाद पहली बार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है। इस ताजा बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
00

