०पीएम जनमन योजना के क्रियान्वयन का लिया जायजा
कोण्डागांव,07 मार्च(आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमी के आश्रित ग्राम चनाभर्री का दौरा कर पीएम जनमन योजना के अंतर्गत शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण स्तर की जानकारी प्राप्त की तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवन में ग्रामवासियों से चर्चा कर उन्हें मिल रहे शासकीय योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने वन विभाग एवं संबंधित विभागों को बिजली लाइन विस्तार तथा बोर खनन की अनुमति के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि चनाभर्री में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के 10 परिवारों को पीएम जनमन योजना के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही यहां सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य केन्द्र कोसमी का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने बड़ेराजपुर विकासखण्ड अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एचआरपी की संख्या के बारे में जानकारी लेते हुए समुचित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि केन्द्र में पुरूष स्वास्थ्य कर्मी को पदस्थ करें। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को स्वास्थ्य केन्द्र में नियमित उपस्थित के साथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। इसके पश्चात उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र कोसमी (खासपारा) का भी निरीक्षण कर बच्चों को पोषण आहार एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, आकांक्षा नायक, जिला कार्यक्रम अधिकारी रेनू प्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, डीएमसी ईमल बघेल, तहसीलदार फणेश्वर सोम, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्राम की सरपंच सहित वन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
०००

