बस्तर, 07 मार्च (आरएनएस)। बस्तर जिले के बास्तानार क्षेत्र में जंगली जानवर के हमले से तीन ग्रामीण घायल हो गए हैं जिससे दहशत का माहौल बन गया है। तीनों हमले अलग-अलग स्थानों पर हुए है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक घायल को किलेपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे को गीदम अस्पताल ले जाया गया। गीदम अस्पताल में इलाज के दौरान एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल राहत राशि प्रदान की। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर ने घरों के पास हमला किया, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया है। ेहालांकि वन विभाग के एसडीओ योगेश कुमार रात्रे ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला तेंदुए ने किया है या किसी अन्य जंगली जानवर ने। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घबराया हुआ तेंदुआ हमला करने के बाद जंगल की ओर भाग गया होगा।
फिलहाल मामले की जांच के लिए वन विभाग की टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हमला किस जंगली जानवर ने किया और घटना किन परिस्थितियों में हुई।
000

