भोपाल/जबलपुर,07 मार्च (आरएनएस)। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में लाइनमैन दिवस के अवसर पर भोपाल सहित पूरे प्रदेश के 42 ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस मुख्यालयों में लाइनमैनो के समर्पण, उनकी निष्ठा और मेहनत को मान्यता देने उन्हें सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। भोपाल में गोविंदपुरा ट्रांसको परिसर
आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश शांडिल्य ने प्रबंध संचालक सुनील तिवारी के संदेश का वाचन कर लाईनमैनों का अभिनन्दन कर सम्मानित किया।इस अवसर पर लाइनमैनो ने कंपनी की जीरो एक्सीडेंट पालिसी के तहत सुरक्षा की शपथ ली एवं अपने अनुभव साझा किये।
आयोजित कार्यक्रम मे क्षेत्र के 62 लाइन कर्मियों का सम्मान तिलक लगाकर तथा माला पहना कर किया गया।
कंपनी द्वारा उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किये गए।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन कार्यपालन अभियंता रवि चौरसिया ने किया।
समाज के जीवन में विश्वास और सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं लाइनमैन-एम डी सुनील तिवारी
मुख्य कार्यक्रम जबलपुर मुख्यालय में केंद्रीयकृत स्वरूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभागों से चयनित 13 लाइनमैनों सहित मुख्यालय मे कुल 75 लाइनमैनों को प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने स्वयं सम्मानित एवं पुरस्कृत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने सभी लाइनमैनों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि आंधी, बारिश, भीषण गर्मी या गहरी रात जैसी विपरीत परिस्थितियों में जब कहीं अंधेरा छा जाता है, तब लाइनमैन ही सबसे पहले रोशनी बहाल करने के लिए आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि लाइनमैन केवल विद्युत लाइनों का संधारण ही नहीं करते, बल्कि समाज के जीवन में विश्वास और सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं। उनकी सुरक्षा संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके अमूल्य योगदान के लिए पूरा एमपी ट्रांसको उनका आभारी है। उन्होंने सभी कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित कार्यजीवन की कामना की।

