धमतरी, 07 मार्च (आरएनएस)। शहर के टिकरापारा इलाके में शासकीय जिला अस्पताल के पीछे किराये के मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का धमतरी पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस की अचानक पड़ी रेड में मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मकान के भीतर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन, दवाइयां, कंडोम और ऑनलाइन लेन-देन के सबूत सहित कुल 14 हजार 827 रुपये की मशरूका भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान नगर पुलिस अधीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा वार्ड में जिला अस्पताल के पीछे स्थित पंकज गौतम के मकान में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने गवाहों और पांइटर के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस की रेड के दौरान मकान के अंदर दो युवक और दो युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और जांच के बाद पुलिस ने सुशील गिलहरे (38) निवासी साल्हेवार पारा धमतरी, खुमान साहू (40) निवासी कर्मा चौक धमतरी और लोचन देवांगन (32) निवासी रामपुर वार्ड धमतरी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील गिलहरे ने मकान किराये पर लेकर महिलाओं को पैसों का लालच दिया और उनकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनसे देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल फोन, दवाइयां जैगोर-100, मेनफोस, कंडोम तथा फोन-पे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट सहित कुल 14,827 रुपये की सामग्री जब्त की है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
०

