शकील अहमद
शक्ति, 07 मार्च (आरएनएस)। रायगढ़ जिले के थाना कोतरारोड क्षेत्र से चोरी हुए ट्रेलर को सक्ती पुलिस की मुस्तैदी से पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक क्रछ्व 48 त्रक्क 3147, जिसमें लोहे के एंगल भरे हुए थे, रायगढ़ से चोरी हो गया था। घटना की सूचना रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा सक्ती पुलिस कंट्रोल को दी गई और वाहन को पकडऩे के निर्देश जारी किए गए। सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस कंट्रोल द्वारा वायरलेस के माध्यम से सभी पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया। कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक 313 राजेश घिरदे ने अलग से यातायात पुलिस को मोबाइल के जरिए सूचना दी। इसके बाद यातायात प्रभारी निरीक्षक वाय. एन. शर्मा ने हाईवे पेट्रोलिंग और चेकिंग में लगे पुलिसकर्मियों को तुरंत नाकाबंदी के निर्देश दिए। इस दौरान चोरी हुए ट्रेलर के चालक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका और कट मारकर आगे निकल गया। कंचनपुर में मौजूद आरक्षक 199 जयप्रकाश गवेल, आरक्षक 90 रमेश घिरहे और आरक्षक 260 राकेश हरवंश ने भी वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक लगातार भागता रहा। दो बार प्रयास विफल होने के बाद जेठा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात पुलिस बल को सड़क जाम कर नाकाबंदी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने दोनों ओर से वाहनों को रोककर सख्त घेराबंदी की। इस बीच यातायात पुलिस की दूसरी पेट्रोलिंग टीम मसनिया से लगातार ट्रेलर का पीछा कर रही थी, जिसके चलते आखिरकार वाहन को रोककर पकड़ लिया गया। पुलिस ने चालक को नीचे उतारकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम कुलदीप राज, पिता हिम्मत सिंह, निवासी प्रतापपुर थाना सावड़ा, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया। यातायात निरीक्षक वाय. एन. शर्मा के निर्देश पर आरोपी चालक को सुरक्षित थाना बाराद्वार में रखा गया और इसकी जानकारी रायगढ़ कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद थाना कोतरारोड रायगढ़ की पुलिस टीम बाराद्वार पहुंची और आरोपी चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
०

