जगदलपुर,07मार्चं (आरएनएस)। बस्तर जिले के जगदलपुर में खण्डहर बने एक पुराने भवन में सेंध लगाकर लोहे के कीमती सामान चोरी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हैमर मशीन और लोहे की रॉड बरामद की है, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के पुरातत्व संग्रहालय के सामने स्थित स्वर्गीय गंगाधर दुबे के पुराने राज टॉकीज खण्डहर भवन का है। पुलिस के अनुसार मां दुर्गा चौक सुभाष वार्ड निवासी पंकज भाटिया (40) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 मार्च 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर खण्डहर भवन में घुस गया और वहां रखी दीवार तोडऩे वाली हैमर मशीन, लोहे का शटर, दरवाजा, खिड़की, लोहे का घन और रॉड सहित कई सामान चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भोलासिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही वेलू शेट्टी (30) निवासी कालीपुर अटल आवास जगदलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि खण्डहर भवन से लोहे का दरवाजा, शटर, रॉड और हैमर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर उसे अलग-अलग जगह छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने निर्माणाधीन बस्तर विश्वविद्यालय के सामने सड़क किनारे रपटा पुलिया के पास छिपाकर रखी हैमर मशीन और लोहे की रॉड बरामद कर ली।पुलिस ने आरोपी वेलू शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मामले में एक अन्य विधि संघर्षरत बालिका को भी न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, उपनिरीक्षक ुवनेश्वर पांडेय, प्रधान आरक्षक राजू प्रकाश टोप्पो तथा आरक्षक प्रकाश नायक और रामसाय नागेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००

