0- 114 महिलाओं की हुई जांच, विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी अहम सलाह
रायपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में दक्षिणपूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल द्वारा रेलवे अस्पताल रायपुर में व्यापक कार्यकारी एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य रेलवे अधिकारियों, सेक्रो (स्श्वष्टक्रङ्खङ्खह्र) सदस्यों, महिला कर्मचारियों और महिला लाभार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर सेक्रो की अध्यक्षा शिखा सिंह, के. माधुरी सहित सेक्रो की अन्य सदस्य, रेलवे के अधिकारी, चिकित्सक, महिला कर्मचारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.पी.एस. कासीपथी और सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 114 प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 26 अधिकारी, 16 सेक्रो सदस्य और 13 महिला कर्मचारी शामिल थीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सत्र भी आयोजित किए। डॉ. के.पी.एस. कासीपथी ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल और नियमित जांच के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जिनेश जैन ने हृदय स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी दी। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू नेभानी ने महिलाओं के विशेष स्वास्थ्य, कैंसर जांच और नियमित परीक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी साझा की।
शिविर में चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ कई तरह की स्वास्थ्य जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इनमें सामान्य चिकित्सकीय जांच, दंत चिकित्सा, नेत्र रोग परीक्षण, हृदय रोग परामर्श, स्त्री रोग जांच, पैप स्मीयर टेस्ट, अस्थि रोग जांच और विभिन्न प्रयोगशाला परीक्षण शामिल थे। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड, टीएमटी, एचपीवी टीकाकरण और विटामिन डी3 व बी12 जैसी विशेष जांच भी की गई।
आयोजकों के अनुसार यह स्वास्थ्य शिविर निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए चिकित्सा विभाग ने रेलवे प्रशासन, सेक्रो सदस्यों और सभी स्वास्थ्य विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। यह पहल रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति रायपुर मंडल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
0

