राजनांदगांव, 07 मार्च (आरएनएस)। शहर में बेवजह विवाद कर माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे तीन युवकों पर लालबाग थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों को पकड़कर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 मार्च को लालबाग थाना पुलिस को सूचना मिली कि नया ढाबा क्षेत्र में कुछ युवक लोगों से अनावश्यक विवाद कर माहौल खराब कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मनीष कुमार साहू (21 वर्ष) पिता घनश्याम साहू, लालचंद यादव (23 वर्ष) पिता पवन यादव और देवेश यादव (22 वर्ष) पिता दिनेश यादव, सभी निवासी नया ढाबा थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। पुलिस ने पाया कि तीनों युवक लोगों से बेवजह वाद-विवाद कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका भी बनी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर पृथक से धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया।
०

