भोपाल,07 मार्च (आरएनएस)। एक युवक ने मां की साड़ी का फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। मां ने बेटे का शव रेलिंग पर लटका देखा और तुरंत पड़ोसियों को बुलाया। घटना स्थल पर एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने अपनी मुस्लिम प्रेमिका को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया है।
मामला अशोका गार्डन क्षेत्र के सेठी नगर में शनिवार सुबह का है। मृतक की पहचान दीपक गुर्जर (24) के रूप में हुई। सुसाइड नोट में उसने प्रेमिका द्वारा धोखा देने, रेप केस में फंसाने और खुदकुशी के लिए उकसाने का जिक्र किया है।
पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर हैंडराइटिंग जांच के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक ने सुसाइड नोट में लिखा “मैं दीपक गुर्जर, अशोका गार्डन का निवासी, अपने फैसलों के लिए अपनी प्रेमिका को जिम्मेदार मानता हूं। माही मेरे साथ कई सालों से रिलेशन में है। हमने शादी का वादा किया था, लेकिन अब यह मुझे गुमराह कर रही है, दूसरे लड़के के साथ घूमती है और उससे बात करती है। जब मैं कुछ कहता हूं तो धमकाती है कि जेल भेज दूंगी और रेप का केस लगवा दूंगी। उसने दो दिन पहले मेरा मोबाइल भी तोड़ दिया। हमारी शादी का वादा था, लेकिन उसने इनकार कर दिया। वह कहती है कि ‘तुम मर भी जाओ तो मेरा कुछ नहीं होगा। मैं बच जाऊंगी।’ मेरी आत्महत्या की वजह वह और उसका एक दोस्त हैं।”
दीपक फेब्रिकेशन का काम करता था और मां-पिता का इकलौता बेटा था। उसके बड़े बहन की शादी हो चुकी है। शव की तलाशी में उसकी पेंट की जेब में एक पर्स मिला, जिसमें डायरी के पेज पर सुसाइड नोट लिखा था। युवक और प्रेमिका का लगभग 6-7 साल पुराना रिश्ता था। दोनों शादी करने का विचार रखते थे, लेकिन युवती ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया, इसके पीछे उसका यह कारण था कि दीपक हिंदू है।

