भोपाल,07 मार्च (आरएनएस)। जंगल से भटककर तीन नीलगाय भोपाल के बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब के सामने पहुंच गए। इस दौरान आवारा कुत्तों ने उन पर अटैक करने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उन्हें बचा लिया। कुछ देर में रेस्क्यू के लिए वन विभाग और वन विहार नेशनल पार्क की टीमें मौके पर पहुंची। हालांकि, नीलगाय जंगल की ओर चले गए।
शनिवार शाम 5 बजे बोट क्लब स्थित विंड एंड वेव्स होटल के गेट के सामने नीलगाय के तीन शावक पहुंच गए। घबराए शावक इधर-उधर भटकने लगे। रैलिंग होने की वजह से वे पहाड़ी की तरफ नहीं जा पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें देखकर कुत्तें भी अटैक करने पहुंचे। हालांकि, यहां मौजूद लोगों ने कुत्तों को भगा दिया।
नीलगाय के बोट क्लब के सामने भटकने की जानकारी मिलते ही वन विहार और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। वन विभाग के एसडीएम धीरज सिंह चौहान ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची, तब तक नीलगाय जंगल में चले गए।
नीलगाय को देखकर लोगों की भीड़ भी मौके पर इकट्?ठा हो गई। वे बोट क्लब पर घूमने पहुंचे थे।
विंड एंड वेव्स होटल से कुछ ही दूरी पर वन विहार नेशनल पार्क है। जहां पर बड़ी संख्या में नीलगाय है। यहां के नीलगाय तो कहीं बाहर निकलकर नहीं चले गए, इसलिए वन विहार की टीम भी मौके पर पहुंची थी।

