नई टिहरी,09 मार्च (आरएनएस)। टिहरी झील महोत्सव ‘हिमालय ओ-टूÓ के तहत कोटीकॉलोनी में आयोजित मिस्टर और मिस टिहरी प्रतियोगिता हुई जिसमें दीया पंवार मिस और शशांक थपलियाल मिस्टर टिहरी चुने गए। महोत्सव के दौरान लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। मिस टिहरी प्रतियोगिता में मिस टिहरी प्रतियोगिता में मोनिका राणा उपविजेता रहीं जबकि शिवानी राणा और हिमानी कुकरेती संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं मिस्टर टिहरी प्रतियोगिता में अरविंद कोहली उपविजेता व प्रियांशु सजवाण तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के विजेताओं को एसडीएम स्नेहिल कुंवर ने पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया। महोत्सव के दौरान देर शाम लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। लेजर शो के माध्यम से जिले के प्रसिद्ध कोटेश्वर मंदिर की महत्ता को दर्शाया गया। साथ ही खैट पर्वत के ट्रैकिंग रूट, क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों और मंदिरों की धार्मिक व पर्यटन महत्व से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की गई। इसके अलावा प्रतापनगर क्षेत्र के ग्राम धारकोट में राजशाही काल की प्रशासनिक व्यवस्था और मदननेगी से संबंधित ऐतिहासिक जानकारी का भी रोचक तरीके से प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला अभिहित अधिकारी प्रमोद रावत, टीएचडीसी के डीजीएम गणेश भट्ट आदि मौजूद रहे।
श्वेता और दर्शन के गढ़वाली-कुमाऊंनी गीतों ने बांधा समां:
टिहरी झील महोत्सव ‘हिमालय ओ-टूÓ के समापन पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या श्वेता महारा व लोक गायक दर्शन फरस्वाण के नाम रही। कोटीकॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में देर रात तक दर्शकों की भीड़ जुटी रही। श्वेता महारा ने अपने साथी कलाकारों के साथ मंच पर आते ही माहौल को उत्साह से भर दिया। उन्होंने ‘क्रीम-पाउडर घसदी किले नीÓ, ‘मेरा सैंया जीÓ और ‘मेरी सपना स्यालीÓ गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। लोक गायक दर्शन फरस्वाण ने ‘हे नंदाÓ, ‘पार बिड़ की बसंती छोरीÓ, ‘बेडू पाकौ बारह मासाÓ और ‘झुम्यालीÓ लोकगीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों पर दर्शकों ने तालियों से भरपूर उत्साह दिखाया। सोनम नौगाई ने ‘रामदेई का होटलाÓ और ‘दिलै धारू बोलÓ गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया। मुनस्यारी की ईशा मार्तोलिया ने गढ़वाली और कुमाऊंनी गीतों के मिश्रण पर नृत्य व गायन की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम स्नेहिल कुंवर, जिला अभिहित अधिकारी प्रमोद रावत, एआरटीओ सतेंद्र राज सहित आदि लोग मौजूद रहे। संचालन राकेश बधानी ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

