देहरादून,09 मार्च (आरएनएस)।उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को फूल-माला पहनाकर उसकी अंत्येष्टि की। महिलाओं ने धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की महंगाई की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सोमवार को उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर गैस के दाम बढ़ाये जाने के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग लगा कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाई। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बताया कि महिलाओं ने वहीं पर बनी रोटी और सब्जी लोगों को खिलाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लगातार रसोई गैस के दाम बढ़ा जा रहे हैं जिससे जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। आज गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है और गरीब तथा मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना कठिन होता जा रहा है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढोंडियाल थापा,जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, चन्द्रकला नेगी, भावना शर्मा, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाडी, देवन्द्र कौर, रेखा ढींगरा आदि मौजूद रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

