भोपाल 9 मार्च (आरएनएस)। राजधानी में रंगपंचमी के दिन रंग में एसिड मिलाकर युवती की कार पर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना में कार का पेंट जल गया। पीडि़ता की शिकायत पर ऐशबाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय युवती एक निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत है और ऐशबाग स्थित अभिरुचि परिसर में रहती है। युवती ने बताया कि रविवार को रंगपंचमी के दिन उसने अपनी कार घर के बाहर पार्क की थी।
शाम के समय जब वह कार के पास पहुंची तो उस पर रंग डला हुआ था। रंग के कारण कार का पेंट बुरी तरह जल चुका था। इससे आशंका है कि रंग में एसिड मिलाकर कार पर फेंका गया था। कार का पेंट जला हुआ देखने के बाद युवती ने ऐशबाग थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि मामले में कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

