ग्वालियर 9 मार्च (आरएनएस)।मध्य प्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने शून्य (रद्द) घोषित कर दिया है। ग्वालियर बेंच के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने यह अहम फैसला सुनाया। अदालत ने निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी और तथ्यों को छिपाने के आधार पर यह ऐतिहासिक निर्णय दिया है। अदालत ने चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक घोषित कर दिया है। इस फैसले के बाद विजयपुर सीट पर अब भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व हो गया है।
मुकेश मल्होत्रा के खिलाफ यह याचिका भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने अपने चुनावी हलफनामे में अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी छुपाई थी। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने याचिका में प्रस्तुत तथ्यों को सही पाया और माना कि इस तरह की जानकारी छिपाना चुनाव नियमों का उल्लंघन है। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आरोपों को सही मानते हुए उनका चुनाव निरस्त कर दिया।
मुकेश मल्होत्रा के वकील प्रतीप बिसोरिया ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार राम निवास रावत की फाइल की गई पिटीशन में दो मामलों में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया है। एक जिसमें निपटारा हो चुका था। दूसरा जिसमें आरोपों के बारे में जानकारी छिपाने की बात थी।
कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि जानकारी छिपाने वाले दो मामलों में चुनाव रद्द कर दिया गया है। हमने एक एप्लीकेशन फाइल की है, जिसमें कहा है कि हम अपील करने के हकदार हैं। जब तक हम अपील करते हैं, इस ऑर्डर पर 15 दिन के लिए रोक लगनी चाहिए। हम सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं।
रामनिवास रावत ने कहा- मैं हाई कोर्ट के ऑर्डर को इस तरह देखता हूं कि कोर्ट के बनाए गए इलेक्शन रिफॉम्र्स के हिसाब से नॉमिनेशन में जानकारी देना कैंडिडेट की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपने एफिडेविट में क्रिमिनल जानकारी छिपाई थी। इसलिए, उनके खिलाफ एक पिटीशन फाइल की गई थी, जिसे आज फैसला आया है।
उन्होंने बताया कि मुकेश मल्होत्रा ने दो क्राइम केस की जानकारी छिपाई थी। उन्होंने यह भी छिपाया था कि उन पर एक क्राइम में चार्ज लगा था। वह सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं। यह उनका ज्यूडिशियल राइट है। उन्हें 15 दिन का टाइम दिया गया है।
कोर्ट के फैसले के बाद विजयपुर में रामनिवास रावत के समर्थकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। वहीं मुकेश मल्होत्रा के घर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा हाई कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले का स्वागत करती है।

