रायसेन 9 मार्च (आरएनएस)।मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रायसेन वृत्त अंतर्गत पागनेश्वर ग्राम में विद्युत कनेक्शनों की जांच, बकाया वसूली तथा प्री-लिटिगेशन संबंधी कार्यवाही की गई। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक भोपाल श्री बी.बी.एस. परिहार की मौजूदगी में बिजली कंपनी के अधिकारियों द्वारा कनेक्शन जांच एवं राजस्व वसूली की कार्यवाही की गई। मौके पर कुल 25 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। जांच में 2 प्रकरण विद्युत चोरी के पाए गए, जिन पर नियमानुसार पंचनामा तैयार कर श्री सोमत लोधी तथा श्री लेखराम लोधी पर कार्यवाही की गई।
बिजली कंपनी के अधिकारियों द्वारा 10,000 रुपए से अधिक बकाया वाले कुल 12 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन नियमानुसार विच्छेदित किए गए। मौके पर समाधान योजना के अंतर्गत 3 उपभोक्ताओं द्वारा कुल 6,612 रुपए की राशि जमा की गई।
प्री-लिटिगेशन के तहत कुल 5 प्रकरणों में कार्यवाही की गई। उपभोक्ता श्री प्रेम सिंह, श्री ताकत सिंह लोधी पर धारा 135 के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनकी घरेलू विद्युत सप्लाई बंद की गई। श्री रामेश्वर लोधी पर धारा 126 के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उनकी पीवीसी वायर जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान उपभोक्ताओं का डीटीआर बंद किया गया तथा घरेलू सप्लाई भी विच्छेदित की गई। उपभोक्ता द्वारा 5 दिवस के भीतर बकाया राशि जमा करने का आश्वासन दिया गया।
समाधान योजना के अंतर्गत लाभ लेने वाले कुल 4 उपभोक्ताओं के द्वारा अनियमितता पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कार्यवाही की गई। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपील की है कि 3 माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ता समाधान योजना में शामिल होकर 90 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ ले सकते हैं। यह योजना 31 मार्च 2026 तक लागू है।

