0 गैस सिलेंडर के लिए अब ग्रामीणों को नहीं जाना पड़ेगा दूर
= के. संतोष कुमार =
बीजापुर, 10 मार्च (आरएनएस)। बीजापुर जिले के गंगालूर में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गंगालूर द्वारा इंडियन ग्रामीण गैस वितरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष घाशीराम नाग और गंगालूर की सरपंच श्रीमती पायल हेमला भी शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने इंडियन गैस कनेक्शन का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरित किए। इस अवसर पर फूल कुमार पांडे, दारुप साय भंडारी, चंपा बाई नक्का और लक्ष्मी हेमला सहित कई हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए।
गंगालूर में गैस वितरण केंद्र खुलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। अब ग्रामीणों को गैस कनेक्शन और सिलेंडर लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष घाशीराम नाग ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि सरपंच, पूर्व सरपंच और जिला पंचायत सदस्य की लगातार मांग पर केंद्र और राज्य सरकार ने गंभीरता से विचार करते हुए गंगालूर को गैस वितरण केंद्र के लिए चुना है। उन्होंने इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है और उनका जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। गंगालूर पंचायत में गैस सिलेंडर कार्यालय खुलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच राजू कमलू ,सरपंच पायल हेमला, अपर कलेक्टर, जिला पंचायत सदस्य , समिति के प्राधिकृत अधिकारी हेमंत कुमार कुर्राम, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के जिला नोडल छोटेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
0

