नईदिल्ली,10 मार्च। भारतीय पुरुष टीम को 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार सबको यादा होगी. पूरे टूर्नामेंट में अजय रहने वाली भारतीय टीम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल किला नहीं फतह कर सकी. जिसकी वजह से खिलाडिय़ों समेत करोड़ों फैंस का दिल टूट गया.
इस दिल तोड़ देने वाली हार के बाद भारतीय क्रिकेट ने जिस तरह से दुनिया भर में अपनी ताकत दिखाई है, वह वास्तव में ऐतिहासिक है. पिछले 23 महीनों में भारत ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के 7 टूर्नामेंट जीतकर न सिर्फ फैंस के टूटे दिल को जोड़ा है बल्कि विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा भी साबित किया है.
इस ऐतिहासिक दौर की शुरुआत 2024 में हुई जब भारत की पुरुष टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतकर किया. लेकिन क्रिकेट की दुनिया में 2025 का साल भारत के लिए सुनहरा दौर रहा. इस साल भारत ने 4 आईसीसी इवेंट अपने नाम किए. जिसकी शुरुआत भारतीय पुरुष टीम ने यूएई में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर कब्जा जमा कर किया.
इसी साल भारतीय महिला टीम ने अंडर-19 टी20 वर्ल्ड जीता और फिर भारतीय महिला सीनियर टीम ने विमेंस वर्ल्ड कप 2025 जीतकर देश को गौरवान्वित किया. ये महिला टीम का पहला वर्ल्ड कप था. इसके अलावा भारत ने इस साल ब्लाइंड विमेंस वर्ल्ड कप 2025 जीता. जो ये साबित करता है कि भारत में हर स्तर पर प्रतिभा मौजूद है और दिव्यांग खिलाड़ी भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं.
इसके बाद भारत 2026 में भी दो वर्ल्ड कप अपने नाम कर चुका है. इस साल के शुरू में भारतीय युवा टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अपने नाम किया. उसके बाद भारत की सीनियर पुरुष टीम ने फिर से टी20 क्रिकेट में इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया. इन उपलब्धियों ने यह साबित कर दिया है कि भारत आज विश्व क्रिकेट का सबसे शक्तिशाली देश बन चुका है.
००

