खतरे के निशान से अभी काफी नीचे
प्रयागराज,11 जुलाई (आरएनएस )। प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में बढऩे लगा है। पिछले 24 घंटे में (शनिवार सुबह आठ बजे) नैनी में यमुना का जलस्तर 71.48 मीटर रहा। यहां जलस्तर में 18 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 76.24 मीटर दर्ज किया गया, जो 12 सेंटीमीटर बढ़ा है। छतनाग में गंगा के जलस्तर में सबसे अधिक 22 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां जलस्तर 71.04 मीटर रहा।
प्रयागराज में गंगा-यमुना का खतरे का स्तर 84.734 मीटर है। फिलहाल गंगा-यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन लगातार हो रही वृद्धि पर निगरानी शुरू हो गई। गंगा नदी के फाफामऊ गेज पर जलस्तर 76.24 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 12 सेंटीमीटर बढ़ा है। इस क्षेत्र में 11.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। दूसरी ओर छतनाग गेज पर गंगा का जलस्तर 71.04 मीटर रहा, जहां पिछले 24 घंटे में 22 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां बारिश नहीं हुई।
प्रशासन का कहना है कि जलस्तर में वृद्धि के बावजूद सभी गेजों पर नदी का स्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और नदी किनारे रहने वाले लोगों से प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
बाक्स
बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी- डीएम
प्रयागराज,11 जुलाई (आरएनएस )। मानसून की सक्रियता के बीच प्रयागराज जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने मीडिया को बताया कि जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रयागराज में सामान्यत: जुलाई के अंतिम सप्ताह और अगस्त माह में गंगा व यमुना का जलस्तर बढऩे से बाढ़ की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार, जिले की सदर तहसील बाढ़ की दृष्टि से सबसे अधिक संवेदनशील है। इसके अतिरिक्त, बघाड़ा, राजापुर और सलोरी सहित नदियों के किनारे बसे कई शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। प्रशासन इन इलाकों पर विशेष नजर बनाए हुए है और लगातार निगरानी कर रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

