लखनऊ ,11 जुलाई(आरएनएस)। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की विकासनगर थाना पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, वारदात में प्रयुक्त एक ईको कार और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में तीन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार शनिवार को विकासनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल दो आरोपी सेक्टर-11 स्थित मिनी स्टेडियम के पास एक ईको कार में बैठकर अपने साथियों का इंतजार कर रहे हैं और फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र राठौर (39), निवासी फरीदीपुर, थाना ठाकुरगंज तथा रावेन्द्र कुमार गौतम उर्फ छोटू (27), मूल निवासी अतरौली, हरदोई और वर्तमान निवासी फरीदीपुर, ठाकुरगंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर एक और दो जुलाई की रात विकासनगर क्षेत्र में सेंट्रल एकेडमी और शहनाई गेस्ट हाउस के पास स्थित तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार संबंधित मुकदमों के शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचे और बरामद सामान की पहचान भी की। चोरी का माल बरामद होने के बाद तीनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। इसके बाद ईको कार और मोटरसाइकिल की मदद से रात के समय सुनसान मकानों के ताले तोड़कर घरों में प्रवेश करता और सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लेता था। चोरी के बाद आरोपी माल को आपस में बांट लेते थे और अगली वारदात के लिए लगातार क्षेत्र की निगरानी करते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के गिलास, कटोरी, पायल, बिछिया, सिक्के, सोने की अंगूठियां, बालियां, चैन, टॉप्स सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त ईको कार और अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रावेन्द्र कुमार गौतम उर्फ छोटू एक आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध लखनऊ के पारा, सरोजनीनगर, जानकीपुरम, पीजीआई, बिजनौर और विकासनगर थानों में चोरी, चोरी का माल रखने और सेंधमारी सहित 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी रविन्द्र राठौर के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं।दोनों आरोपियों के खिलाफ विकासनगर थाने में दर्ज तीनों मुकदमों में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस गिरोह के फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

