मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) 11 जुलाई (आरएनएस) जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने सोने की चेन लूट के चर्चित मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में आरोपी को मध्यप्रदेश से लाकर न्यायालय में पेश किया गया। मामला 27 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7:30 बजे का है, जब एक महिला अपनी बेटी के साथ मनेंद्रगढ़ सोने की चेन खरीदने आई थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उसका पर्स लूट लिया, जिसमें ₹65,000 रखे थे। घटना के बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 182/2025, धारा 304(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान मांज्या कुमार नट (32), निवासी देवीनगर, थाना परलकोट, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला जेल में निरुद्ध है। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
10 जुलाई 2026 को आरोपी को मनेंद्रगढ़ लाकर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक पाटले, पीएसआई कमलेश, एएसआई अभिषेक पाण्डेय, साइबर सेल के एचसी पुष्कल सिन्हा, एचसी प्रिन्स, एचसी नवीन और आरक्षक प्रदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल, एमसीबी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सतत निगरानी के जरिए फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

