रायपुर 11 जुलाई (आरएनएस) थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि एक व्यक्ति ने खुद को प्रभावशाली बताकर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने लाखों रुपये लिए और अभ्यर्थियों को फर्जी चयन सूची तथा फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिए। शिकायत मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों का परीक्षण किया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद मोहम्मद इमरान कादरी (37), पिता मोहम्मद इकबाल कादरी, निवासी पेंशनबाड़ा, थाना कोतवाली रायपुर तथा वर्तमान पता परसतराई रोड, धरसींवा रायपुर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके खिलाफ जुआ और विभिन्न प्रकार की ठगी से जुड़े कुल आठ आपराधिक प्रकरण थाना सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके विरुद्ध पहले भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पूरे मामले में पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
फिलहाल, रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या भर्ती में चयन कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि का भुगतान न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें। आर्थिक अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

