लखनऊ ,11 जुलाई(आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण अभियान, डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम और कारगिल विजय दिवस सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्य करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव का वास्तविक योद्धा है और संगठन की सफलता का आधार भी वही है। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक नियमित प्रवास, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और उत्तर प्रदेश में संगठन तथा सरकार को और मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को संगठन द्वारा तय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर जनता से संवाद और विश्वास मजबूत करने का माध्यम बनाया जाए।प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की सही जानकारी दें तथा तथ्यों के आधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दें।उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती नियमित संपर्क, संवाद और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंधों पर निर्भर करती है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करें, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करें और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन के सभी अभियानों को सफल बनाएगा।प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि भाजपा का पूरा संगठन बूथ आधारित है और सभी गतिविधियों का केंद्र बूथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही प्रभावी बनेगा। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी बूथ सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित संपर्क और प्रवास सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों, पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए। संगठन का विस्तार केवल बैठकों से नहीं बल्कि सतत संपर्क और सक्रिय सहभागिता से संभव है।धर्मपाल सिंह ने आगामी वृक्षारोपण अभियान को संगठन का महत्वपूर्ण जनअभियान बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज राष्ट्रीय आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया जाना चाहिए।उन्होंने भाजपा के डिजिटल बूथ प्रशिक्षण अभियान को संगठन के तकनीकी सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। उनके अनुसार डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचा सकेंगे।प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे प्रदेश में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों का सम्मान और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को अनुशासन, समन्वय और सक्रियता के साथ सफल बनाने तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

