लखनऊ(आरएनएस )। उत्तर प्रदेश में आधार कार्ड के बायोमीट्रिक अपडेट के लिए बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) अब प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कैंप लगाकर विद्यार्थियों का आधार बायोमीट्रिक अपडेट कराएगा।अभियान के तहत ऐसे शिक्षण संस्थानों में कैंप लगाए जाएंगे जहां 500 या उससे अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। इसके लिए प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षण संस्थानों को चिन्हित किया गया है। पहले यह व्यवस्था केवल उन स्कूलों में लागू थी जहां 1000 या उससे अधिक छात्र थे, लेकिन अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक सुविधा पहुंचाने के लिए अब यह सीमा घटाकर 500 कर दी गई है।यूआईडीएआई के अनुसार आधार में बायोमीट्रिक अपडेट 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अनिवार्य होता है। इन दोनों आयु वर्गों में बच्चों की उंगलियों के निशान और आईरिस स्कैन दोबारा दर्ज किए जाते हैं, ताकि आधार डाटाबेस में सही और अद्यतन जानकारी बनी रहे।अभियान के तहत विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क प्रदान की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अभी करीब पौने चार करोड़ विद्यार्थियों का आधार बायोमीट्रिक अपडेट होना बाकी है। ऐसे में स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाकर बड़ी संख्या में छात्रों को सीधे परिसर में ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों को आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।इस पहल से प्रदेश में आधार डाटा अपडेट की प्रक्रिया तेज होने के साथ ही सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और अन्य सेवाओं में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

