लखनऊ 10 मार्च (आरएनएस )। जनपद कानपुर में ट्रांसगंगा सिटी को शहर से बेहतर तरीके से जोडऩे के लिए गंगा नदी पर चार लेन सेतु और पहुंच मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2025-26 में अटल इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत क्रियान्वित की जाएगी।प्रस्ताव के अनुसार गंगा नदी पर एक उच्च स्तरीय सेतु बनाया जाएगा, जो ट्रांसगंगा सिटी को सीधे कानपुर शहर से जोड़ेगा। प्रस्तावित स्थल पर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा ट्रांसगंगा सिटी का विकास किया जा रहा है, जहां कानपुर नगर और आसपास की औद्योगिक इकाइयों को स्थानांतरित किए जाने की योजना है।ट्रांसगंगा सिटी के विकसित होने के बाद गंगा नदी पार करने के लिए भारी और हल्के वाहनों का आवागमन काफी बढऩे की संभावना है। इससे वर्तमान गंगा बैराज मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़कर जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए गंगा नदी पर चार लेन सेतु के निर्माण की आवश्यकता महसूस की गई है।यातायात के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए चार लेन के एक सेतु के बजाय दो-दो लेन के दो अलग-अलग सेतु बनाने का प्रस्ताव किया गया है, ताकि कानपुर शहर में एक ही स्थान पर वाहनों के अत्यधिक दबाव से बचा जा सके और मर्जिंग प्वाइंट पर यातायात बाधित न हो।व्यय-वित्त समिति द्वारा परियोजना की कुल लागत 75313.24 लाख रुपये अनुमोदित की गई है। इसमें से अटल इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा 46000 लाख रुपये की धनराशि की मांग की गई थी, जिस पर मंत्रिपरिषद से अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। शेष धनराशि प्राधिकरण अपने संसाधनों से वहन करेगा।इस परियोजना के पूरा होने से ट्रांसगंगा सिटी और कानपुर शहर के बीच आवागमन सुगम होगा तथा औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

