लखनऊ 10 मार्च (आरएनएस )। राजधानी के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में मां और उसके दृष्टिबाधित बेटे की हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 की रात लगभग 10 बजे थाना मोहनलालगंज में सीसेंडी निवासी सकीना ने सूचना दी कि उनके पड़ोस में रहने वाली रेशमा बानो (करीब 50 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय इकबाल और उनके पुत्र शादाब (करीब 18 वर्ष) घर के अंदर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। शादाब बचपन से ही दृष्टिबाधित थे। सूचना मिलते ही थाना मोहनलालगंज की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घर के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया।मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेशमा बानो का गला कपड़े से कसकर दबाया गया था, जबकि उनके पुत्र शादाब का भी गला कपड़े से कसा हुआ मिला। दोनों के शव घर के अंदर पड़े थे। प्रारंभिक जांच में यह मामला गला दबाकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। वहीं अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी जोन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा करने के लिए पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है, हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

