लखनऊ 10 मार्च (आरएनएस ) । पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की दक्षिणी जोन पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के कीमती जेवरात, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय के निर्देश पर दक्षिणी जोन पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में तथा अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी और सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर के पर्यवेक्षण में थाना बिजनौर पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान थाना क्षेत्र में दर्ज कई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रावेन्द्र कुमार गौतम उर्फ छोटू निवासी दुर्गापुरम कॉलोनी फरीदीपुर थाना ठाकुरगंज, सन्नी रावत उर्फ कालिया निवासी ग्राम हंसखेड़ा थाना पारा और शिवा चौरसिया उर्फ जान निवासी काशीराम कॉलोनी सदरौना थाना पारा के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें पीएम आवास योजना गेट नंबर-2 के सामने तिराहे से चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार थाना बिजनौर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के संबंध में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी और मैनुअल साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि पहले वे ऑर्केस्ट्रा में काम करते थे, जहां उनकी आपस में पहचान हुई। बाद में वे पेंटिंग और कारपेंटरी का काम करने लगे, जिससे उन्हें घरों की रेकी करने में आसानी होती थी। वे मोटरसाइकिल से घूमकर बंद पड़े मकानों की पहचान करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर घरों में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वे लखनऊ छोड़कर अन्य जिलों में चले जाते थे और चोरी का सामान बेचकर आपस में पैसा बांट लेते थे।पुलिस ने उनके पास से सोने की छह अंगूठियां, चार गले की चेन, दो जोड़ी कंगन, नोज पिन, कान की बालियां, मांग टीका, झुमके, टॉप्स सहित कई अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी के पायल, सिक्के, बिछिया, कटोरी, प्लेट सहित अन्य सामान और 47,150 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर या कार्यालय में पेंटिंग, कारपेंटरी या अन्य कार्य कराने से पहले संबंधित मजदूरों और कामगारों का पुलिस सत्यापन अवश्य करा लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना से बचा जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

