लखनऊ 10 मार्च (आरएनएस )। राजधानी के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में 17 वर्षीय बाल अपचारी ने अपने पिता के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को पकड़कर पुलिस संरक्षण में ले लिया है और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र सिंह सेंगर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। दक्षिणी जोन के पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंत कुमार के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी बाल अपचारी को पकडऩे में सफलता हासिल की।पुलिस को 9 मार्च 2026 को ग्राम खुजेहटा निवासी नौमीलाल पुत्र सुखई ने सूचना दी थी कि उनका पुत्र रामकरन रावत (करीब 45 वर्ष) परिवार के साथ अलग हिस्से में रहता था। उसी दिन लगभग 11 बजे दिन में रामकरन और उसके 17 वर्षीय पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान बाल अपचारी ने अपने हाथ में ली हुई लाठी से रामकरन के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बाल अपचारी मौके से फरार हो गया था।घटना की सूचना के आधार पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। लगातार तलाश के बाद 10 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम रायभान खेड़ा मोड़, खुजौली मार्ग के पास से आरोपी बाल अपचारी को उस समय पकड़ लिया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक रामकरन रावत शराब का आदी था और अक्सर नशे में घर आकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट करता था। वह घर का सामान भी बेचकर नशा करता था, जिससे परिवार के लोग परेशान रहते थे। इन परिस्थितियों से परेशान होकर बाल अपचारी ने योजनाबद्ध तरीके से लाठी से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

