– गोपाल घाट पर ज्येष्ठ पुत्र नीरज श्रीवास्तव ने दी मुखाग्नि
सीतापुर 10 मार्च (आरएनएस)। जिले के वरिष्ठ पत्रकार नीरज श्रीवास्तव के पिता जगत प्रकाश श्रीवास्तव का सोमवार देर शाम हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से परिवार ही नहीं, बल्कि परिचितों और शुभचिंतकों में भी शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार दोपहर शहर के गोपाल घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र नीरज श्रीवास्तव ने नम आंखों से उन्हें मुखाग्नि दी। 86 वर्षीय जगत प्रकाश श्रीवास्तव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार और स्नेहिल स्मृतियां छोड़ गए हैं। वे उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे और अपने सरल स्वभाव, मिलनसारिता और अनुशासित जीवन के लिए जाने जाते थे। अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर शोकाकुल माहौल रहा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पत्रकार, व्यापारी और शहर के गणमान्य लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, पूर्व मंत्री रामहेत भारती, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मुनींद्र अवस्थी, पूर्व विधायक रमेश राही, एमएलसी जासमीर अंसारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत दीक्षित, कांग्रेस शहर अध्यक्ष शिशिर बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार और व्यापारी मौजूद रहे। दुख की इस घड़ी में विश्ववार्ता परिवार ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

