हरगांव/सीतापुर 10 मार्च (आरएनएस)। हरगांव ब्लॉक की नरहरपुर ग्राम पंचायत स्थित गोशाला में गोवंशों की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। यहां रखे गए 52 गोवंशों को पिछले दो दिनों से हरा चारा नहीं मिल पाया, जिसके चलते कई गोवंश कमजोर और बीमार हो गए हैं। गोशाला में एक गोवंश अचेत अवस्था में मिला, जिसका इलाज कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गोवंशों को केवल सूखा भूसा दिया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रधान द्वारा भूसा सिर्फ दिखाने के लिए एक कमरे में भरकर रखा गया है, जबकि गोवंशों को बहुत कम मात्रा में चारा दिया जाता है। हरा चारा न मिलने से कई गोवंश काफी कमजोर दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गोशाला में गोवंशों की समुचित देखरेख नहीं हो रही है, जिससे उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव भानु प्रताप ने स्वीकार किया कि पिछले दो दिनों से गोशाला में हरा चारा उपलब्ध नहीं हो पाया है, हालांकि उन्होंने अन्य व्यवस्थाओं में किसी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी संजीव जायसवाल ने बताया कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से गोशाला की स्थिति की कोई जानकारी नहीं मिली है और गोवंशों का इलाज फिलहाल एक पैराबेट द्वारा कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गोशाला की स्थिति की जांच कर गोवंशों के लिए समुचित चारा और उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

