हरगांव/सीतापुर 10 मार्च (आरएनएस)। हरगांव ब्लॉक क्षेत्र के खमौना गांव में मुख्य मार्ग पर घरों का गंदा पानी बहने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि सड़क पर लगातार पानी बहने से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें भरे पानी के कारण बाइक और साइकिल सवार आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग करीब 25 गांवों के लोगों के लिए थाना, ब्लॉक, बाजार और चीनी मिल जाने का मुख्य रास्ता है। ऐसे में रोजाना सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत पैदल चलने वालों और स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीण मुकेश सिंह, विकास, सुधीर, मोनू, अनुज और मोहन का कहना है कि सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं। वहीं जलभराव और गंदगी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे लोग मच्छरजनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि श्याम किशोर राठौर ने बताया कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग द्वारा काफी नीचे स्तर पर बनाई गई थी, जिससे जल निकासी नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत के माध्यम से नाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे जल्द समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

