सीतापुर 10 मार्च (आरएनएस)। शहर के बाहरी क्षेत्रों में धड़ल्ले से हो रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडे के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने नवीन चौक से हरदोई रोड के बीच नदी किनारे चल रही तीन अवैध प्लॉटिंग पर एक साथ दो बुलडोजर चलवाकर कई निर्माण ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि इन स्थानों पर बिना नक्शा पास कराए और बिना स्वीकृत ले-आउट के ही भूखंडों की प्लॉटिंग कर बिक्री की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने पहले चेतावनी दी थी, लेकिन निर्देशों की अनदेखी जारी रहने पर मंगलवार को सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई कर दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने इससे पहले स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विनियमित क्षेत्र में बिना स्वीकृति के किसी भी तरह की प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाने पर अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिए गए। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी, जेई एम.के. मिश्रा और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन ने अवैध प्लॉटिंग करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जेई एम.के. मिश्रा ने बताया कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में हो रही अन्य प्लॉटिंग की भी जांच कराई जा रही है। बिना अनुमति के कहीं भी प्लॉटिंग पाई गई तो वहां भी इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से जमीन खरीदने से पहले नक्शा और ले-आउट की स्वीकृति जांचने की अपील भी की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

