सीतापुर 10 मार्च (आरएनएस)। साइबर ठगों के बढ़ते हौसलों का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस बार उनके निशाने पर आम आदमी नहीं बल्कि पुलिस विभाग का ही एक दरोगा आ गया। पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में तैनात दरोगा नारायण सिंह को साइबर ठगों ने पांच दिनों तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर करीब 15 लाख रुपये ठग लिए। जानकारी के मुताबिक दरोगा नारायण सिंह किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान 20 फरवरी से 25 फरवरी तक ठगों ने उन्हें फोन और ऑनलाइन माध्यम से अपने जाल में फंसाए रखा। खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताते हुए ठगों ने कहा कि उनके खिलाफ पाकिस्तान के अफजल फौजी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी है। डर और दबाव बनाकर ठगों ने दो बार में करीब 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम ट्रांसफर होते ही ठगों ने उन्हें तथाकथित डिजिटल अरेस्ट से मुक्त कर दिया। घटना का एहसास होने पर दरोगा ने 7 मार्च को दिल्ली साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला जांच के लिए सीतापुर साइबर सेल को भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 95 हजार रुपये की रकम पर होल्ड लगवा दिया है। साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक अजय रावत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगों की तलाश की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

