जाम की समस्या के समाधान के साथ सीएम ने रखा व्यापारियों का भी पूरा ध्यान*
दो कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के जरिये विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों का होगा व्यवस्थित पुनर्वास*
एक कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पूर्ण होने के करीब, दूसरे के डीपीआर को भी मिली मंजूरी*
सड़क चौड़ीकरण की विरासत गलियारा परियोजना में प्रभावित दुकानदारों के लिए बनेगा कॉम्प्लेक्स, आएगी 36.47 करोड़ रुपये की लागत*
विकास प्रक्रिया में कारोबारियों के सहयोग की सराहना करते हुए सीएम योगी ने नगर निगम को दिए थे कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने के निर्देश*
गोरखपुर, 9 मार्च। महानगर के व्यस्ततम पुराने कारोबारी क्षेत्र में जाम की समस्या का समाधान करने के लिए सड़क चौड़ीकरण की विशेष परियोजना विरासत गलियारा को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ ही योगी सरकार चौडीकरण से प्रभावित दुकानदारों का भी पूरा ध्यान रख रही है। सड़क चौड़ीकरण में सरकार का सहयोग करने वाले विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को सम्मान स्वरूप नई दुकान मिल आवंटित की जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर घंटाघर में बन रहा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स पूर्ण होने के करीब है जबकि नार्मल परिसर में बनने वाले एक अन्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) को भी शासन से मंजूरी मिल गई है। यह कॉम्प्लेक्स 36.47 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा।कारोबार और जीवन सुगमता के लिहाज से गोरखपुर में धर्मशाला बाजार से लेकर पांडेयहाता तक विरासत गलियारा के नाम से सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। यह शहर का काफी पुराना व्यापारिक क्षेत्र है इसलिए यहां आज के दौर में लोगों और व्यापारियों की आमद के लिहाज से सड़कें काफी संकरी नजर आ रही थीं। सड़क चौड़ीकरण की परियोजना शुरू होने के बाद कई दुकानदारों की दुकानों का स्वरूप प्रभावित हुआ, हालांकि सभी ने सरकार की पहल का स्वागत करते हुए चौड़ीकरण में सहयोग किया। सीएम योगी ने पहले से स्पष्ट कर कर दिया था कि विकास प्रक्रिया में किसी को उजडऩे नहीं दिया जाएगा बल्कि उन्हें व्यवस्थित पुनर्वास का अवसर दिया जाएगा।विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों के समायोजन लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम को निर्देशित किया था। इस क्रम में घंटाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग के साथ कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। 27.26 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में करीब 90 प्रतिशत कार्य हो चुके हैं। इस माह के अंत तक यह पूर्ण हो जाने की उम्मीद है। मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में 42 दुकानें होंगी।इसके अलावा अब सीएम योगी के ही निर्देश पर नगर निगम विरासत गलियारा निर्माण से प्रभावित दुकानदारों के लिए नार्मल परिसर में एक अन्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनवाने जा रहा है। 36.47 करोड़ रुपये की इस नई परियोजना में बेसमेंट पार्किंग भी होगी। इसे राज्य स्तरीय तकनीकी कमेटी से स्वीकृति मिल गई है। इस कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में कुल चार फ्लोर के जरिये अलग अलग आकार की 64 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

